: स्वास्थ्य विभाग ने जारी की लू से बचाव की एडवाइजरी
Tue, May 7, 2024
तापमान में बढ़ोत्तरी को देखते हुए लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। साथ ही जिला अस्पताल से लेकर उपस्वास्थ्य केंद्र तक की संस्थाओं को लू के प्रकरणों के उपचार के लिए अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।लू के प्रारंभिक प्रबंधन के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में ओआरएस कॉर्नर बनाए गए हैं। उल्टी, दस्त, बुखार के प्रबंधन और उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं स्वास्थ्य केंद्रों में सुनिश्चित की गई हैं।
गंभीर और घातक हो सकती है लू
लू होने पर शरीर का तापमान 104 डिग्री फारेनहाइट तक पहुंच जाता है। यह स्थिति धीरे-धीरे हो सकती है या एकाएक भी आ सकती है। जटिल अवस्था होने पर किडनी काम करना बंद कर सकती है। लू लगने पर अगर तुरंत उपचार न किया जाए तो व्यक्ति की मृत्यु भी हो सकती है।
लक्षणों की जल्द पहचान करके बीमारी की गंभीरता को किया जा सकता है कम
तेज बुखार के साथ मुंह का सूखना, चक्कर और उल्टी आना, कमजोरी के साथ शरीर में दर्द होना, शरीर का तापमान अधिक होने के बावजूद पसीने का न आना, सिर में भारीपन और दर्द का अनुभव होना, अधिक प्यास लगना और पेशाब कम आना, भूख कम लगना, बेहोश होना, लू लगने के लक्षण है। इन लक्षणों की पहचान जल्द से जल्द किया जाना जरूरी है, जिससे शीघ्र उपचार शुरू किया जा सके।
डिहाइड्रेशन की स्थिति से बचें
तेज धूप और गर्मी में ज्यादा देर तक रहने के कारण शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है। इससे बचाव के लिए जरूरी है कि बहुत अधिक समय तक धूप के सीधे संपर्क में न रहे। तेज गर्मी होने पर अधिक मात्रा में पानी पीना, सर और कानों को कपड़े से अच्छी तरह से ढकना, हल्के सूती वस्त्र पहनना तथा धूप में चश्मा, छाता, टोपी एवं जूता पहनना जरूरी है। पसीना अधिक आने की स्थिति में ओआरएस घोल, लस्सी, मठ्ठा एवं फलों का रस पीना चाहिए । चक्कर या मितली आने पर छायादार स्थान पर रुक कर आराम करना, शीतल पानी अथवा उपलब्धता अनुसार फलों का रस, लस्सी आदि का सेवन किया जाना चाहिए। उल्टी होने, सर दर्द, तेज बुखार की स्थिति होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में सलाह लेनी चाहिए। लू लगने पर प्रारंभिक तौर पर व्यक्ति को पंखे के नीचे हवा में लेट कर आराम करवाना चाहिए। बुखार होने पर सिर पर ठंडे पानी की पट्टी लगानी चाहिए । छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का गर्मी के मौसम में विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
गंभीर स्थिति में स्वास्थ्य संस्था में लें उपचार
लू जानलेवा हो सकती है। लू लगने पर व्यक्ति शॉक में चला जाता है। लू लगने पर सबसे पहले मरीज को पानी पिलाकर शरीर के तापमान को कम करने के उपाय किए जाने चाहिए। शरीर में पानी की कमी ना हो इसका विशेष ध्यान रखना चाहिए। सामान्य तापमान के पानी में कपड़े को भिगोकर शरीर पर मलना चाहिए। मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है।
: अधिकारियों ने भी बांटी मतदाता पर्ची
Mon, May 6, 2024
शत प्रतिशत वितरण के उद्देश्य से उप जिला निर्वाचन अधिकारी,एआरओ सहित अन्य अधिकारियों ने वितरित की मतदाता पर्चियां
सागरI कलेक्टर एवं रिटर्निग अधिकारी दीपक आर्य के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी रुपेश उपाध्याय सहित समस्त सहायक रिटर्निग अधिकारी, संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदारों ने जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के पास पहुंचकर मतदाता पर्ची का वितरण किया।
सभी अधिकारियों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर रेंडम तरीके से जांच की गई जिससे यह पता लगाया जा सका कि सभी मतदाताओं के पास मतदाता पर्ची पहुंच चुकी है। इस प्रक्रिया के द्वारा शत् प्रतिशत मतदाता पर्ची वितरण सुनिश्चित किया जा सका।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रुपेश उपाध्याय ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार और अधिक से अधिक मतदान के लक्ष्य को लेकर सभी बीएलओ को शत प्रतिशत मतदाता पर्ची वितरण करने के लिए निर्देशित किया गया था। इसी तारतम्य में रविवार 5 मई संयुक्त कलेक्टर अदिति यादव, संयुक्त कलेक्टर गगन बिसेन, संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट जूही गर्ग, डिप्टी कलेक्टर भव्या त्रिपाठी सहित समस्त रिटर्निंग अधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में जाकर मतदाता पर्चियों का वितरण किया एवं ब्लॉक लेवल अधिकारियों से मतदाता पर्ची वितरण की जानकारी प्राप्त की।
: पूर्व सैनिकों ने मतदाता जागरूकता के लिए निकाली रैली
Mon, May 6, 2024
सागरI कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक आर्य के मार्गदर्शन में पूर्व सैनिकों ने मतदाता जागरूकता के लिए एक रैली का आयोजन किया। यह रैली जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से सिविल लाइन चौराहे तक निकाली गई। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के समस्त वरिष्ठ पूर्व सैनिक पूरे रास्ते मतदाता जागरूकता से संबंधित नारो को लगाते हुए मतदाताओं को 7 मई मतदान दिवस के लिए प्रेरित कर रही थे।पी सी शर्मा सीईओ तथा जिला स्वीप नोडल अधिकारी ने कहा की पूर्व सैनिकों द्वारा नागरिकों को मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरित करने का यह कार्य अभिनंदनीव है। डॉ अमर कुमार जैन सहायक नोडल अधिकारी स्वीप ने कहा कि जिस प्रकार सैनिक हमारे देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं उसी प्रकार मतदाता मतदान करके लोकतंत्र की रक्षा करते हैं।इस रैली में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कैप्टन (नौसेना) उपेन्द्र सिंह भदौरिया (सेनि), जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, आ. कैप्टन प्रदीप कुमार राय (से.नि), कल्याण संयोजक, सूबेदार मेजर नन्द किशोर मिश्रा, सूबेदार मेजर इन्द्रदत्त अवस्थी , सूबेदार दिलीप एवम समस्त वरिष्ठ पूर्व सैनिको के साथ डा सर्वेश्वर उपाध्याय तथा आनंद मंगल बोहरे सहायक नोडल स्वीप उपस्थित रहे।